पटना , मार्च 26 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरूवार को कहा कि पटना में बने मरीन ड्राइव (गंगा पथ) को देखने के लिए देशभर से लोग आ रहे हैं, जो बदलते बिहार की सुखद तस्वीर है।

श्री चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ समृद्धि यात्रा के समापन अवसर पर राजधानी पटना के बापू सभागार में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि न्याय यात्रा, परिवर्तन यात्रा, विकास यात्रा, प्रगति यात्रा और अब समृद्धि यात्रा के माध्यम से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने बिहार में विकास की मजबूत नींव रखी है।

श्री चौधरी ने कहा कि आज महान सम्राट अशोक जयंती है। उन्होंने कहा कि सम्राट अशोक ने भारत को स्वर्णिम काल दिया। अखंड भारत की कल्पना पूरी की। बाद में वो शांति और करुणा के प्रतीक बने। बिहार सरकार ने महान सम्राट अशोक की विरासत को सम्मान देने के लिए बापू सभागार, ज्ञान भवन और सभ्यता द्वार को सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर नाम दिया है। यह सिर्फ भवन नहीं, बल्कि बिहार की गौरव के प्रतीक हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव था। उस समय राज्य में केवल 6 हजार किलोमीटर सड़कें थीं, जो अब बढ़कर करीब एक लाख 40 हजार किलोमीटर हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि बिजली के क्षेत्र में भी बड़ा सुधार हुआ है। पहले जहां केवल 17 लाख उपभोक्ता थे, अब यह संख्या बढ़कर दो करोड़ 16 लाख हो गई है और 23 से 24 घंटे बिजली की आपूर्ति हो रही है। 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की योजना से लगभग 88 प्रतिशत परिवारों का बिजली बिल शून्य आ रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित