पटना , दिसंबर 23 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का मंगलवार को पटना पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।

श्री नबीन के स्वागत के लिए बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी के साथ बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा विजय कुमार सिन्हा के साथ बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता पटना हवाई अड्डे पर मौजूद थे।

श्री नबीन भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष का पद संभालने के बाद पहली बार अपने गृह नगर पटना पहुंचे हैं और उनके इंतजार में शहर पहले से ही बैनरों, पोस्टरों और बड़े बड़े होर्डिंग्स से भरा हुआ है, जिस पर श्री नबीन के तस्वीरें लगी हैं और प्रेम के साथ स्नेह संदेश लिखे हुए हैं।

आज दोपहर बाद जैसे हीं श्री नबीन पटना हवाई अड्डे से बाहर आये बिहार भाजपा अध्यक्ष श्री सरावगी ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्रियों श्री चौधरी और श्री सिन्हा की उपस्थिति ने माहौल को और भी जानदार बना दिया था।

हवाई अड्डे से निकल कर श्री नबीन पटना की सड़कों पर एक खुली गाड़ी में कार्यकर्ताओं के समूह के साथ आगे बढ़ते रहे और उनके अगल-बगल में दोनों मुख्यमंत्री श्री चौधरी और श्री सिन्हा के साथ भाजपा अध्यक्ष श्री सरावगी मौजूद थे। सड़क के किनारे जनता का हुजुम श्री नबीन के स्वागत के लिए खड़ा था। ऐसा लग रहा था की राजधानी के वासी अपने सपूत की उपलब्धियां पर फुले नहीं समा रहे हैं और हाथ हिला कर अभिवादन कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि श्री नबीन बिहार के पहले व्यक्ति हैं जिन्हें भाजपा संगठन में यह शीर्ष पद प्राप्त हुआ है।

यह संजोग ही है की देश की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा और श्री नबीन का जन्म एक ही वर्ष 1980 में हुआ था। श्री नबीन इस पद पर आने से पहले बिहार की नीतीश सरकार में पथ निर्माण मंत्री थे और हाल ही में संपन्न हुए बिहार विधानसभा चुनाव में बांकीपुर सीट से पांचवीं बार विधायक चुने गए हैं।

श्री नबीन पार्टी के युवा चेहरे के रूप में देखे जा रहे थे, लेकिन राजनीति के बहुत कम ही पंडित इस बात का अनुमान लगा पाए होगे कि उन्हें पार्टी में इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी जाएगी। आज के कार्यक्रम के अनुसार श्री नबीन पटना के मशहूर महावीर मंदिर पहुंचे और पूजा अर्चना की। श्री नबीन आज बाबासाहब अम्बेडर और लोकनायक जयप्रकाश नारायण की मूर्ति पर माल्यार्पण के बाद मिलर उच्च विद्यालय में अभिनंदन समारोह में भाग लेंगे। दोपहर बाद करीब चार बजे उनकी मुलाकात राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से होगी और संध्या साढ़े सात बजे पार्टी कार्यालय में उनकी मुलाकात पार्टी के सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं से होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित