पटना, फरवरी 15 -- टना नगर निगम में जनस्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मेट्रोपोलिटन सर्विलांस यूनिट की स्थापना की जा रही है। इस यूनिट की स्थापना के लिए पटना नगर निगम, बिहार सरकार एवं भारत सरकार के बीच त्रिपक्षीय एमओयू किया गया है। यह पहल शहरी क्षेत्र में रोगों की निगरानी, नियंत्रण एवं त्वरित कार्रवाई की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगी।
मेट्रोपोलिटन सर्विलांस यूनिट में कुल 17 लॉग-इन आधारित विशेषज्ञों की टीम कार्यरत होगी। इस टीम में पब्लिक हेल्थ स्पेशलिस्ट,माइक्रोबायोलॉजिस्ट,फ़ूड सेफ्टी ऑफिसर,वेटनरी डॉक्टर,प्रशिक्षित टेक्नीशियन, और कीटविज्ञानशास्री (एंटोमोलॉजिस्ट) शामिल होंगे।
गौरतलब है कि यह टीम लगभग 40 संक्रामक रोगों की निगरानी, खाद्य सुरक्षा, जलजनित एवं पशुजनित रोगों पर सतत निगरानी रखेगी तथा प्राप्त सूचनाओं का वैज्ञानिक विश्लेषण करेगी।
मेट्रोपोलिटन सर्विलांस यूनिट द्वारा संकलित एवं विश्लेषित डेटा को भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट किया जाएगा जो रियल टाइम होगा। इससे रोगों की समयबद्ध पहचान, त्वरित हस्तक्षेप तथा प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।
मेट्रोपोलिटन सर्विलांस यूनिट के तहत बीएसएल -2 लैब की होगी स्थापना होगी साथ ही हेल्थ इमरजेंसी ऑपरेशन सिस्टम को शुरू करते हुए सरकारी एवं ग़ैर सरकारी अस्पतालों से डेटा प्राप्त करके रिपोर्ट भी तैयार की जाएगी । यह यूनिट शहरी स्वास्थ्य तंत्र को सशक्त बनाएगी तथा आपात परिस्थितियों में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।इसको लेकर स्थापना की प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने को लेकर काम किया जा रहा है ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित