पटना , जनवरी 20 -- पटना जीपीओ की ओर से आम नागरिकों को डाकघर बचत बैंक की विभिन्न बचत योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से 21 जनवरी 2026 से 24 जनवरी 2026 तक एक विशेष ड्राइव का आयोजन किया जा रहा है।

इस अभियान के दौरान नागरिक सरल एवं त्वरित प्रक्रिया के माध्यम से विभिन्न प्रकार के डाकघर बचत बैंक खाते खुलवा सकेंगे।

पटना जीपीओ के मुख्य डाकपाल रंजय कुमार सिंह ने बताया कि डाकघर बचत बैंक में निवेश सुरक्षित होता है, जिसमें आकर्षक ब्याज दर और डिजिटल बैंकिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि इस विशेष अभियान के माध्यम से नागरिक अपनी आवश्यकता के अनुसार उपयुक्त खाता चुनकर डाकघर बचत बैंक से जुड़ सकते हैं।

श्री सिंह ने बताया कि इस स्पेशल ड्राइव के लिए पटना जीपीओ में एक विशेष काउंटर खोला गया है, जिससे खाता खोलने की प्रक्रिया सुचारु एवं त्वरित रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि यदि अभियान के दौरान भीड़ बढ़ती है तो आवश्यकता के अनुसार विशेष काउंटरों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी, जिससे आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मुख्य डाकपाल श्री सिंह ने कहा कि सभी इच्छुक नागरिकों से अनुरोध है कि वे 21 जनवरी 2026 से 24 जनवरी 2026 के बीच पटना जीपीओ में उपस्थित होकर इस विशेष ड्राइव का लाभ उठाएं और अपने एवं अपने परिवार के सुरक्षित भविष्य के लिये डाकघर बचत बैंक की विभिन्न योजनाओं से जुड़ें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित