पटना , जनवरी 26 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को पटना जिले के फुलवारीशरीफ प्रखंड के अकौना ग्राम पंचायत के मरांची महादलित टोला में गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित झंडोत्तोलन कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री कुमार की उपस्थिति में टोले के वयोवृद्ध सिद्धेश्वर मांझी ने झंडोत्तोलन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री कुमार ने वहां मौजूद सभी लोगों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि वह हर साल स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस के अवसर पर महादलित टोला में आयोजित झण्डोत्तोलन समारोह में भाग लेते हैं। यहाँ पहली बार इस कार्यक्रम का आयोजन वर्ष 2011 में किया गया था।
उन्होंने कहा कि यहाँ पर विकास के अनेक कार्य कराये गये हैं।
श्री कुमार ने कहा कि यहाँ सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जायेगा। यहाँ से राज्य उच्च पथ-78 तक सड़क का निर्माण कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि यहाँ स्वास्थ्य उपकेन्द्र, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं मध्य विद्यालय की चहारदीवारी का निर्माण कराया जायेगा। इस पंचायत के सभी आहर और पईन का जीर्णोद्धार कराया जायेगा।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि उनकी कामना है कि समाज में सद्भाव एवं भाईचारे का वातावरण कायम रहे। उन्होंने कहा कि हमारा राज्य लगातार विकास कर रहा है। अगले पांच वर्षों में और ज्यादा काम होगा जिससे बिहार काफी आगे बढ़ेगा। केन्द्र का भी पूरा सहयोग प्राप्त हो रहा है। बिहार और विकसित होगा और देश के टॉप राज्यों में शामिल हो जायेगा तथा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री कुमार ने अंधता एवं दृष्टिहानि नियंत्रण कार्यक्रम के तहत कपिल पासवान एवं श्रीमती सुंदरी देवी को चश्मा प्रदान किया। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की लाभार्थी श्रीमती निशु देवी, जन वितरण प्रणाली की लाभार्थी श्रीमती रेणु देवी एवं ललेश कुमार को प्रमाण पत्र तथा मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की लाभार्थी श्रीमती अंजु देवी एवं श्रीमती सीमा देवी को डमी चेक प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री कुमार को फूलों की बड़ी माला एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित