पटना , मार्च 06 -- बिहार के गन्ना उद्योग विभाग द्वारा 9 और 10 मार्च को ज्ञान भवन में गन्ना प्रौद्योगिकी सेमिनार आयोजित किया जायेगा, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे और इसमें राज्य के 700 से अधिक गन्ना किसान और देशभर के लगभग 100 वैज्ञानिक भाग लेंगे।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, इस सेमिनार में राज्य के 700 से अधिक गन्ना किसान और देशभर के करीब 100 वैज्ञानिक भाग लेंगे। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री, विकास आयुक्त, विभिन्न राज्यों के विशेषज्ञ वैज्ञानिक, चीनी मिलों के प्रतिनिधि, संभावित निवेशक, कृषि विश्वविद्यालय और कृषि विज्ञान केंद्रों के विशेषज्ञ भी मौजूद रहेंगे।
सरकार की सात निश्चय-3 योजना के तहत राज्य में नई चीनी मिलों की स्थापना और बंद पड़ी मिलों को चालू कराने की पहल की जा रही है। इसी के मद्देनजर गन्ना की खेती का विस्तार करने और किसानों को आधुनिक तकनीक से अवगत कराने के लिये यह सेमिनार आयोजित किया जा रहा है।
सेमिनार के दौरान किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन, उन्नत किस्मों, आधुनिक खेती तकनीक और गन्ना उत्पादन बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी जायेगी। विभाग का मानना है कि इस पहल से गन्ना उत्पादन बढ़ेगा और राज्य की चीनी उद्योग को भी मजबूती मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित