पटना , मार्च 09 -- बिहार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने सोमवार को बताया कि राज्य में कृषि को आधुनिक और लाभकारी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 12 मार्च से 15 मार्च 2026 तक गांधी मैदान, पटना में राज्यस्तरीय कृषि यांत्रिकरण मेला सह प्रदर्शनी "एग्रो बिहार-2026" का आयोजन किया जा रहा है।

श्री यादव ने बताया कि यह चार दिवसीय मेला किसानों के लिए आधुनिक कृषि तकनीक और यंत्रों से रूबरू होने का एक महत्वपूर्ण मंच होगा। उन्होंने कहा कि इस मेले में देश के प्रमुख कृषि यंत्र निर्माताओं द्वारा अत्याधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन किया जाएगा। बिहार के अलावा पंजाब, हरियाणा, गुजरात, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों के कृषि यंत्र निर्माता भी इसमें भाग लेंगे।

कृषि मंत्री ने बताया कि लगभग 3.25 लाख वर्ग फीट क्षेत्र में आयोजित इस मेले में 100 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही खाद्य प्रसंस्करण, पशु एवं मत्स्य संसाधन, गन्ना उद्योग, उद्योग विभाग, सहकारिता विभाग तथा कॉम्फेड द्वारा भी अपनी योजनाओं एवं गतिविधियों का प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेले में आने वाले आगंतुकों के लिए बिहारी व्यंजनों से युक्त फूड कोर्ट की भी विशेष व्यवस्था की गई है।

श्री यादव ने बताया कि किसानों को आधुनिक तकनीकों की जानकारी देने के उद्देश्य से प्रतिदिन किसान पाठशाला का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञ किसानों को नई तकनीकों एवं आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग की जानकारी देंगे। साथ ही राज्य के सभी कृषि महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को भी आधुनिक कृषि यंत्रों की जानकारी के लिए इस मेले का भ्रमण कराया जाएगा।उन्होंने कहा कि मेले के दौरान प्रतिदिन मुख्य मंच से कृषि आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे किसानों और आमजनों के लिए यह मेला ज्ञान के साथ-साथ मनोरंजन का भी केंद्र बनेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित