पटना , फरवरी 01 -- राज्य सरकार के निर्देश पर पटना जिले की सभी 322 पंचायतों में फार्मर रजिस्ट्री कार्य के लिये दो से छह फरवरी तक विशेष कैंप लगाये जायेंगे।

पटना के जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम ने किसान बंधुओं से इन कैंपों का लाभ उठाकर फार्मर आईडी बनवाने की अपील की है।

इस संबंध में उन्होंने जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, सभी अनुमंडल और प्रखंड स्तर के नोडल पदाधिकारियों को सघन जन- जागरूकता अभियान चलाकर किसानों को कैंप तक लाने और एग्री स्टैक परियोजना अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। सभी भूमि सुधार उप- समाहर्ताओं को अपने- अपने अंचलों में नियमित समीक्षा करने और अपर समाहर्ता को अंचलवार प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा के निर्देश दिये हैं।

डॉ. त्यागराजन ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिये यह कार्य मिशन मोड में किया जा रहा है। किसान कैंपों के अलावा सीएससी/वसुधा केंद्रों पर भी नि:शुल्क फार्मर रजिस्ट्री करा सकते हैं और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से घर बैठे पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध है। पूर्व में लिये जाने वाले 15 रुपये के सेवा शुल्क को राज्य सरकार ने समाप्त कर दिया है।

किसानों की सहायता के लिये कृषि विभाग का हेल्पलाइन नंबर- 18001801551 और राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का हेल्पलाइन नंबर- 18003456215 जारी किया गया है। जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन ने किसानों से अपील की है कि फार्मर रजिस्ट्री कराकर कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का पारदर्शी और सुचारू रूप से लाभ उठायें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित