चंडीगढ़ , नवंबर 12 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 नवंबर को होने वाले हरियाणा दौरे की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने यहां पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा तय की। बैठक में संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, सभी जिलों के जिला भाजपा अध्यक्ष और जिला पार्टी प्रभारी मौजूद रहे।

श्री बड़ौली ने बताया कि श्री मोदी कुरुक्षेत्र में गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस समारोह में दोपहर बाद दो बजे शामिल होंगे। इसके अलावा उनका ब्रह्म सरोवर जाने का भी कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए हरियाणा के लोग उत्साहित हैं।

बैठक में मुख्यमंत्री ने जिलों में चल रहे समाधान शिविरों, धान और बाजरा खरीद, और सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

विपक्ष पर हमला बोलते हुए श्री बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी झूठे प्रोपेगंडा के जरिए जनता को गुमराह करने का काम करते हैं। ब्राजील मूल की महिला के मामले में लगाये गये उनके आरोप पूरी तरह फर्जी और बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठ के सहारे आंदोलन खड़ा करना चाहती है, लेकिन जनता ऐसे झूठ को स्वीकार नहीं करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित