टिहरी , अप्रैल 07 -- पच्चीसवीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर चैंपियनशिप हल्की बारिश और ठंडी हवाओं के बीच बुधवार को यहां वाटर स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर इंस्टीट्यूट में शुरू हो गयी।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से चैंपियनशिप का उद्घाटन किया। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) की मेजबानी में हो रही इस चैंपियनशिप में 19 महिला तथा पुरुष टीमों के लगभग 500 खिलाड़ी कैनोइंग, रोइंग एवं कयाकिंग की विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से आए पुलिस बलों के खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं खेल प्रेमियों का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि यह उत्तराखंड के लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि राज्य को पहली बार इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि वाटर स्पोर्ट्स जैसे खेल आपदा प्रबंधन, बाढ़ राहत, नदी में बचाव और तटीय क्षेत्र सुरक्षा जैसे कार्यों में भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं। इन खेलों में दक्षता कई बार जीवन रक्षक साबित होती है और आपात परिस्थितियों में लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाती है।
श्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट जैसे अभियानों ने देश में खेल संस्कृति को मजबूत किया है और युवाओं में खेलों के प्रति नया उत्साह पैदा किया है। राज्य सरकार भी खेलों को बढ़ावा देने तथा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने हाल ही में 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन कर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है और राज्य देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में भी उभर रहा है। राज्य में आधुनिक खेल अवसंरचना का तेजी से विकास हो रहा है तथा भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, अध्यक्ष नगर पालिका मोहन सिंह रावत, विशेष प्रमुख सचिव (खेल) अमित सिन्हा, एडीजी आईटीबीपी संजय गुंज्याल, आईजी नॉर्दन फ्रंटियर आईटीबीपी मनु महाराज, आईजी सीआरपीएफ दिनेश उनियाल, आईजी आईटीबीपी एकेडमी गिरीश चंद्र उपाध्याय, जिलाधिकारी नीतिका खण्डेलवाल और एसएसपी श्वेता चौबे भी मौजूद थे।
इस चैंपियनशिप का समापन 12 अप्रैल आईटीबीपी के महानिदेशक शत्रुजीत सिंह कपूर की मौजूदगी में होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित