पचमढ़ी , नवम्बर 10 -- मध्यप्रदेश के पचमढ़ी में चल रहे कांग्रेस के संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर के नौवें दिन कांग्रेस संगठन की मजबूती, सामाजिक समन्वय और कार्ययोजना पर विस्तृत मंथन किया गया। दिन की शुरुआत देशभक्ति गीत "वंदे मातरम्" और झंडा वंदन के साथ हुई।
इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सह-कोषाध्यक्ष विजय सिंगला ने संगठन के ढांचे को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन केवल एक संरचना नहीं, बल्कि देश के हर कोने में पार्टी की विचारधारा का जीवंत प्रतीक है। हर कार्यकर्ता को संगठन की मजबूती में अपनी भूमिका का निर्वहन करना चाहिए।
एआईसीसी सीडब्ल्यूसी सदस्य एवं तेलंगाना प्रभारी मीनाक्षी नटराजन ने सामाजिक संगठनों के साथ सहयोग और संवाद की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़कर ही कांग्रेस अपने जनसंपर्क तंत्र को सशक्त बना सकती है।
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने संगठन की मजबूती, कार्यक्रम विस्तार और आगामी कार्ययोजना पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच ही संगठन की असली ताकत है। जिला अध्यक्षों के अधिकारों की रक्षा करना प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व है। संगठन की दृढ़ता के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
श्री पटवारी ने बताया कि कांग्रेस संगठन को ब्लॉक, पंचायत और ग्राम स्तर तक मजबूत करने के लिए रोडमैप तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं, एससी, एसटी, ओबीसी, ईबीसी और अल्पसंख्यक वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित कर उनके हक और अधिकार की आवाज़ बुलंद की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा से परेशान है और कांग्रेस को हर वर्ग की आवाज बनना होगा। जनता का विश्वास ही कांग्रेस की सबसे बड़ी शक्ति है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित