कांकेर , फरवरी 03 -- छत्तीसगढ़ के कांकेर में पखांजूर पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार में लिप्त एक ट्रामाडोल तस्कर को गिरफ्तार कर उसके चंगुल से 282 गोलियां बरामद की हैं। आरोपी हाई स्कूल खेल मैदान, छोटकापासी के आसपास युवाओं को नशे की गिरफ्त में लेने का सिलसिला चला रहा था।
मंगलवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक टीम ने मौके पर धावा बोला। कार्रवाई के दौरान प्रकाश बैरागी (36 वर्ष) नामक आरोपी को उसके वर्तमान निवास पीढ़ी-02, देवपुर से गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से अल्ट्रासाइन कंपनी की ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड एवं पैरासिटामोल टैबलेट्स की 19 स्ट्रिप्स (कुल 282 टैबलेट) तथा अवैध बिक्री से प्राप्त एक हजार रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पखांजूर में मामला दर्ज कर नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट की सख्त धारा 21(बी) के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शैक्षणिक परिसरों के आसपास ऐसा घिनौना धंधा युवा पीढ़ी के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित