उदयपुर , दिसम्बर 27 -- राजस्थान के उदयपुर में रोटरी क्लब मेवाड़ एवं गीतकार पं. विश्वेश्वर शर्मा चेरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में 29 दिसम्बर को विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
रोटरी क्लब मेवाड़ के अध्यक्ष मनीष गन्ना ने शनिवार को यहां पत्रकारों को बताया कि सुखाडिया रंगमंच पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद मन्नालाल रावत होंगे जबकि विधायक फूलसिंह मीणा एवं नगर निगम के पूर्व उपसभापति पारस सिंघवी विशिष्ट अतिथि होंगे।
पं. विश्वेश्वर शर्मा के भतीजे राजेश पण्ड्या ने बताया कि कार्यक्रम में पं. विश्वेश्वर शर्मा की स्मृति में प्रतिवर्ष देश के एक गीतकार को सम्मानित किया जाता है। इस वर्ष यह गीत सम्मान उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी एवं देश के ख्यातनाम गीतकार डाॅ. विष्णु सक्सेना को प्रदान किया जायेगा। सम्मान स्वरूप एक लाख रुपये की राशि प्रदान की जायेगी। पिछले वर्ष यह सम्मान राम मोहन त्रिपाठी को प्रदान किया गया था।
उन्होंने बताया कि पंडित जी ने अपने जीवन में 140 बाॅलीवुड फिल्मों के लिये गीत लिखे, जिसमें से चल सन्यासी मंदिर में... देश की जनता के मनमस्तिष्क पर स्थापित गीत भी शामिल है। अक्षय कीर्ति व्यास के निर्देशन में पंडितजी ने अपनी साहित्य यात्रा प्रारम्भ की थी।
इस अवसर पर पं. विश्वेश्वर शर्मा की विरासत को बाॅलीवुड में निर्देशन,कहानी एवं लेखन विधा को आगे ले जाने वाले उनके पौत्र नीलाभ शर्मा ने बताया कि अब तक पंडितजी की गीत, कविता,कहानी, उपन्यास, खंडकाव्य की करीब 15 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। राजस्थान साहित्य परिषद ने पं. विश्वेश्वर शर्मा को साहित्यकार सम्मान से विभूषित किया है।
कवि सम्मेलन में डाॅ विष्णु सक्सेना, भीलवाड़ा के कवि राजेन्द्र गोपाल व्यास, मुंबई के सुनील व्यास, चित्तौड़ की दीपिका माही, मावली के मनोज गुर्जर, प्रतापगढ़ के शैलेन्द्र शैलू कविता पाठ करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित