पटना, 25 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने गुरुवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर कहा कि स्व. उपाध्याय वह महापुरुष थे जिन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर बैठ व्यक्ति के उत्थान (अंत्योदय) की कल्पना की और राष्ट्र निर्माण का सपना देखा।भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आज आयोजित जयंती समारोह मे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने स्व. दीनदयाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।श्री जायसवाल ने समारोह में आगंतुको को संबोधित करते हुए कहा कि "पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन और समर्पण का अनुपम आदर्श था। उनका 'अंत्योदय दर्शन' आज भी वंचितों के उत्थान की रह में पथ-प्रदर्शक का कम करता है और उनके द्वारा दिया गया 'एकात्म मानववाद' भारत की सांस्कृतिक आत्मा को आधुनिक युग की आवश्यकताओं से जोड़ने वाला शाश्वत दर्शन है।"भाजपा के अध्यक्ष ने कहा कि स्व. दीनदयाल द्वारा दिए गये मार्गदर्शन और विचारधारा के आधार पर ही आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूरी भाजपा काम कर रही है। उन्होंने कहा कि स्व. उपाध्याय ने गरीबों के हित में अंतिम पंक्ति पर बैठने वालों के उदय की कल्पना की थी। उन्होंने कहा कि स्व. दीनदयाल के आदर्शों से प्रेरित होकर भाजपा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और न्याय की रोशनी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, सांसद संजय जायसवाल, बिहार भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी सहित प्रदेश के कई पदाधिकारियों ने स्व. उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित