चंडीगढ़ , फरवरी 11 -- हरियाणा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय केवल राजनेता ही नहीं, बल्कि ऋषि तुल्य मनीषी और सच्चे राष्ट्रनिर्माता थे। भारतीय जनता पार्टी आज जिस वैचारिक आधार पर खड़ी है, वह उनके 'एकात्म मानववाद' और 'अंत्योदय' के सिद्धांतों पर आधारित है।
श्री बड़ौली बुधवार को सोनीपत स्थित भाजपा कार्यालय 'स्वर्ण कमल' में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर आयोजित 'समर्पण दिवस' कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजनीति को सत्ता प्राप्ति का साधन नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा और समाज के प्रति समर्पण का माध्यम मानते थे। समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, समान विकास और समान व्यवहार सुनिश्चित करना ही उनके दर्शन का मूल था। "जब तक अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का उत्थान नहीं होगा, तब तक विकास अधूरा रहेगा," उन्होंने कहा।
श्री बड़ौली ने बताया कि "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका सम्मान" की विचारधारा भी पंडित जी के दर्शन से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा की नायब सैनी सरकार उज्ज्वला, आयुष्मान भारत और गरीब कल्याण जैसी योजनाओं के माध्यम से अंत्योदय की भावना को साकार कर रही है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को आत्मसात कर समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण हेतु निरंतर कार्य करने का संकल्प लें।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, विधायक कृष्ण गहलावत, विधायक पवन खरखौदा, पूर्व मंत्री कविता जैन सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित