पटना , फरवरी 11 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष संजय सरावगी ने बुधवार को कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन और समर्पण का अनुपम आदर्श था।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि 'समर्पण दिवस' पर आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा नेताओं ने पटना राजेंद्र नगर स्थित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

‎भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि आज उस महापुरुष की पुण्यतिथि है जिसने अंत्योदय की कल्पना की और राष्ट्र निर्माण का सपना देखा। उनका सम्पूर्ण जीवन प्रेरणा का स्रोत है और हमें सेवा, समर्पण एवं 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ कर्तव्य पथ पर अग्रसर रहने का संकल्प प्रदान करता है।

श्री सरावगी ने कहा, पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन और समर्पण का अनुपम आदर्श था। उनका 'अंत्योदय दर्शन' वंचितों के उत्थान के लिए पथ-प्रदर्शक है।‎उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की विचारधारा को आगे बढ़ाने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूरी पार्टी कर रही है।

‎ बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि जब भी मानवता के कल्याण की बात होगी, दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानव दर्शन प्रासंगिक रहेगा। सामाजिक जीवन में एक नेता को कैसा होना चाहिए, भारत के लोकतंत्र और मूल्यों को कैसे जीना चाहिए, दीनदयाल उपाध्याय इसके भी बहुत बड़ा उदाहरण हैं।

‎‎उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान को केंद्र में रखने वाला उनका विचार-दर्शन समरसता, आत्मनिर्भरता और मूल्यनिष्ठ राष्ट्र निर्माण की सशक्त प्रेरणा देता है।

‎ उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने सन 1953 से 1968 तक भारतीय जनसंघ के नेता रहे। वे एक गम्भीर दार्शनिक एवं गहन चिंतक होने के साथ समर्पित संगठनकर्ता और नेता थे। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में व्यक्तिगत शुचिता एवं गरिमा के उच्चतम आयाम स्थापित किये। भारतीय जनता पार्टी की स्थापना के समय से ही वे वैचारिक मार्गदर्शक और नैतिक प्रेरणा-स्रोत रहे हैं। ‎उनका राजनीतिक दर्शन मानव हित में शासकीय कौशल का मार्ग प्रशस्त करने वाला चहुंमुखी वैकल्पिक जीवन दर्शन है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित