तरनतारन , नवंबर 09 -- पंजाब स्टेट मिनिस्टीरियल सर्विसेज यूनियन के आह्वान पर प्रदेश अध्यक्ष गुरनाम सिंह विर्क, प्रदेश महासचिव तरसेम भट्टल और प्रदेश चेयरमैन रघबीर सिंह बडवाल के नेतृत्व में पंजाब भर के करीब 45 विभागों के हजारों मिनिस्टीरियल कर्मचारियों ने रविवार को तरनतारन में रोष मार्च किया।
जिला प्रबंधकीय कांप्लेक्स के समक्ष रैली करने के बाद चुनाव लड़ रहे आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के निवास की ओर रोष मार्च शुरू किया गया। उन्होंने रास्ते में पुलिस प्रशासन द्वारा लगाए गए तीन बैरिकेड्स को पार कर लिया। रोष मार्च को रोकने के लिए सरकार की ओर से भारी संख्या में पुलिस और सीआरपीएफ तैनात की गई थी। तीसरा बैरिकेड पार करते ही पुलिस प्रशासन ने शांतिपूर्ण रोष मार्च में शामिल कर्मचारियों पर लाठीचार्ज कर दिया। कर्मचारियों को जबरन घसीट कर बसों में डाल दिया। इससे कई कर्मचारियों को खरोंचें आईं, उनके कपड़े फट गए। विरोध स्वरूप कर्मचारी वहीं सड़क पर बैठ गए और धरना लगा दिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार किए गए कर्मचारियों को तुरंत रिहा कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित