नई दिल्ली , अप्रैल 27 -- कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन ने पंजाब के हालात को लेकर गंभीर चिंता जताते हुए कहा है कि पंजाब में अलगाववादी ताकतें एक बार फिर सिर उठाने लगी हैं।

श्री माकन ने सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि देश की सरहद की रक्षा करने वाले अहम राज्य पंजाब में गैंगवार, ड्रोन के जरिए ड्रग्स की सप्लाई और बढ़ता अपराध 1980 के दशक जैसे हालात की ओर इशारा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब भी अलगाववाद बढ़ता है, उससे पहले ड्रग्स और अपराध का ग्राफ ऊपर जाता है।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में मात्र 6.6 प्रतिशत वोट हासिल करने वाली पार्टी को अब राज्यसभा में 85.7 प्रतिशत प्रतिनिधित्व मिल गया है, जो लोकतांत्रिक भावना के खिलाफ है। श्री माकन ने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी इस असंतुलन को जनता के सामने कैसे जायज़ ठहराएंगे।

इसके साथ ही, माकन ने आम आदमी पार्टी पर भी हमला बोला। उन्होंने आप को "बीजेपी की बी टीम" और "अरबपतियों की पार्टी" करार देते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने योग्य लोगों की जगह धनकुबेरों को राज्यसभा भेजा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित