चंडीगढ़ , अक्टूबर 31 -- पंजाब के पशुपालन, डेयरी विकास और मत्स्य पालन मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में रोहू (लाबियो रोहिता) को पंजाब की राज्य मछली घोषित किया।
राज्य के समृद्ध जलजीव संसाधनों पर प्रकाश डालते हुए श्री खुड्डियां ने कहा कि पंजाब का मत्स्य पालन क्षेत्र लगातार प्रगति की ओर अग्रसर है। वर्तमान में राज्य में 43,683 एकड़ क्षेत्र में मत्स्य पालन किया जा रहा है, जिससे सालाना लगभग दो लाख टन मछली का उत्पादन हो रहा है। इस उत्पादन में रोहू मछली का महत्वपूर्ण योगदान है, जो 42,353 टन (कुल उत्पादन का 21.18 प्रतिशत) है। इसकी कीमत 160 से 200 रुपये प्रति किलोग्राम तक होती है। यह मूल्यवान मछली अपने फ्यूसीफॉर्म शरीर और बड़े साइक्लोइड स्केल्स के कारण प्राकृतिक जलस्रोतों में 45 किलोग्राम तक बढ़ सकती है। उन्होंने बताया कि रोहू मछली प्रोटीन, विटामिन ए, बी और डी, तथा ओमेगा-3 फैटी एसिड जैसे पौष्टिक तत्वों से भरपूर होती है। इस कारण यह न केवल पंजाब में बल्कि अन्य राज्यों में भी स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन के रूप में लोकप्रिय है।
श्री खुड्डियां ने इस क्षेत्र के विकास में मत्स्य पालन विभाग और सहयोगी संस्थानों की भूमिका की सराहना करते हुए रोहू को राज्य मछली घोषित करने पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने इंडियन मेजर कार्पस (आइ.एम.सीज़) - रोहू, कतला और मृगल - के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित