चंडीगढ़ , दिसंबर 09 -- )पंजाब प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महासचिव अनिल सरीन ने मंगलवार को कहा कि राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार ने आबकारी और कराधान विभाग को जबरन वसूली का माध्यम बना लिया है, जिससे व्यापारियों और उद्योगपतियों का भरोसा बुरी तरह डगमगा गया है।
श्री सरीन ने कहा कि सरकार अपनी खाली हो चुकी तिजोरी भरने के लिए बेगुनाह व्यापार और उद्योग जगत को निशाना बना रही है, जिससे राज्य का औद्योगिक माहौल डर और दबाव में घिर गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि टैक्स विभाग के अधिकारियों को महीने में कम से कम चार निरीक्षणों की हिदायत के साथ, हर निरीक्षण से 8-10 लाख रुपये की जबरन वसूली का लक्ष्य दिया गया है। यह तरीका टैक्स संग्रह नहीं, "सीधी-सीधी जबरन वसूली" है और इसे टैक्स टेररिज़्म कहना भी गलत नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि सरकार ने 1000 करोड़ रुपये से अधिक के रिफंड रोककर व्यापारियों की लिक्विडिटी को तबाह कर दिया है। केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विभाग समय पर रिफंड जारी करता है, लेकिन पंजाब सरकार व्यापारियों के जीएसटी रिफन्ड रोककर उनके अधिकारों पर "डाका" डाल रही है, जबकि वित्त मंत्री झूठे राजस्व-वृद्धि के दावे करते फिरते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित