नयी दिल्ली , जनवरी 16 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब सरकार और पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर मीडिया और लोकतंत्र का गला घोटने का आरोप लगाया है।

भाजपा प्रवक्ता एवं लोकसभा सांसद बांसुरी स्वराज ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह आरोप लगाया। सुश्री स्वराज ने कहा 'आप' कि इस तरह की कार्रवाई कोई नयी बात नहीं है, श्री केजरीवाल ने यह काम 2015 में दिल्ली में सरकार बनाने के साथ शुरू कर दिया था जिसकी सूची लंबी है।

सुश्री स्वराज ने कहा कि पंजाब के एक बड्रे समाचार पत्र के मीडिया समूह द्वारा 31 अक्टूबर 2025 को एक संपादकीय लेख प्रकाशित हुआ था जिसमें श्री केजरीवाल की आलोचना की गयी थी। उन्होंने कहा कि इस आलोचना से असहज होकर पंजाब की 'आप' सरकार ने बड़े ही सुव्यवस्थित तरीके से 11 से लेकर 15 जनवरी के बीच सभी सरकारी तंत्रों का दुरुपयोग करते हुए मीडिया समूह पर धावा बोल दिया।

सुश्री स्वराज ने कहा कि जनवरी से पहले पंजाब सरकार ने आर्थिक आघात का रास्ता अपनाते हुये मीडिया समूह पर सबसे पहले सरकारी विज्ञापनों पर रोक लगाई और आर्थिक रूप से दबाने का प्रयास किया। इसके बाद, 11 जनवरी से लेकर 15 जनवरी के बीच नौ सरकारी तंत्रों का दुरुपयोग कर मीडिया समूह के अलग-अलग स्थानों पर छापे मार कर परेशान किया गया। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही गंभीर बात है।

सुश्री स्वराज ने कहा कि आलोचना का अर्थ यह नहीं है कि सरकारी तंत्र असहज हो जाए। उन्होंने कहा कि सवालों से ही सरकारें बेहतर होती हैं। उन्होंने कहा कि आप सरकार किसी भी सवाल का जवाब तो नहीं दे सकती, लेकिन मीडिया का दमन जरूर कर सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित