चंडीगढ़ , मार्च 06 -- पंजाब में जालंधर कैंट से विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता परगट सिंह ने शुक्रवार को पंजाब सरकार द्वारा राज्य में नये मेडिकल कॉलेजों के निर्माण को लेकर किए जा रहे दावों पर गंभीर सवाल उठाये हैं।

श्री सिंह ने कहा कि अपने पहले ही बजट में मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार ने पंजाब में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने और मेडिकल शिक्षाका विस्तार करने के लिए 16 मेडिकल कॉलेज बनाने की घोषणा की थी। लगभग चार साल बीत जाने के बाद भी जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार अब तक प्रस्तावित 16 मेडिकल कॉलेजों में से एक भी कॉलेज पूरा नहीं हो पाया है। इससे सरकार की घोषणाओं और जमीन पर हो रही वास्तविक प्रगति के बीच बड़े अंतर को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गयी हैं।

श्री सिंह ने कहा कि इससे भी अधिक चिंता की बात यह है कि इन दावों को विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण के माध्यम से दोहराया जा रहा है। राज्यपाल का अभिभाषण सरकार की उपलब्धियों और नीतिगत दिशा को प्रस्तुत करने के लिए होता है। यदि इसमें प्रस्तुत किये गये आंकड़े गलत या बढ़ा-चढ़ाकर बताये गये हैं, तो इससे विधानसभा और पंजाब की जनता के सामने रखे गये आधिकारिक बयानों की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित