मोहाली , जनवरी 20 -- वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू के नेतृत्व में कांग्रेस को उस समय बड़ा बल मिला, जब दो दर्जन से अधिक परिवारों ने कांग्रेस की नीतियों और जनहितैषी सोच से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल होने की घोषणा की।

श्री सिद्धू ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो समाज के हर वर्ग की आवाज बनकर खड़ी है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की जन-विरोधी नीतियों, जिनसे राज्य को नुकसान हो रहा है, के खिलाफ जवाब देने के लिए आज लोग एकजुट होकर कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस के पक्ष में यह लहर और तेज होगी।

श्री सिद्धू ने कहा कि अनुभवी, सेवा-भाव से जुड़े और समाज से गहरा नाता रखने वाले लोगों का कांग्रेस में आना इस बात का प्रमाण है कि पार्टी की नीतियों और संघर्षशील सोच पर लोगों का भरोसा बढ़ रहा है। पार्टी में शामिल हुए सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं को पूरा सम्मान देने का भरोसा दिलाते हुए श्री सिद्धू ने कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक मंच नहीं, बल्कि सेवा, संघर्ष और जनकल्याण की विचारधारा है। पार्टी में नये शामिल हुए सभी साथियों को उनकी योग्यता और समर्पण के अनुसार जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित