चंडीगढ़ , दिसंबर 29 -- पंजाब के बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने सोमवार को कहा कि सरकार द्वारा राज्यभर में कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए एक सक्रिय और किसान-प्राथमिकता वाली कार्यप्रणाली अपनायी गयी है।

श्री भगत ने कहा कि जागरूकता बढ़ाने, प्रक्रियाओं को सरल बनाने तथा समयबद्ध रूप से किसानों तक लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है ताकि किसानों को सरकारी सहायता प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि बागवानी विभाग को जमीनी स्तर पर समन्वय मजबूत करने तथा किसानों को पात्रता शर्तों, आवेदन प्रक्रियाओं और आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में निरंतर मार्गदर्शन प्रदान करने के निर्देश दिये गये हैं।

श्री भगत ने कहा कि मान सरकार बागवानी को बढ़ावा देकर, किसानों की आय में वृद्धि करके और पारंपरिक फसलों पर निर्भरता कम करके कृषि अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने किसानों से आगे आने और अपनी भलाई के लिए उपलब्ध बागवानी योजनाओं का पूरा लाभ उठाने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित