चंडीगढ़ , मार्च 09 -- चंडीगढ़ के पंजाब विश्व विद्यालय में सोमवार को श्री गुरु तेग बहादुर जी पर आयोजित एक व्याख्यान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े एक नेता को आमंत्रित किए जाने के विरोध में एक छात्र संगठन (साथ) ने प्रदर्शन किया।
छात्र संगठन के सदस्यों का कहना था कि विश्वविद्यालय एक शैक्षणिक संस्थान है और यहां होने वाले कार्यक्रमों में ऐसे व्यक्तियों को बुलाया जाना चाहिए जो पूरी तरह शैक्षणिक या शोध से जुड़े हों। प्रदर्शनकारी छात्रों ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में आरएसएस से जुड़े नेता को बुलाना विश्वविद्यालय के माहौल को राजनीतिक बनाने की कोशिश है। इसी मुद्दे को लेकर संगठन के सदस्य विश्वविद्यालय परिसर में एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने प्रशासन से कार्यक्रम में बदलाव करने और विवादित आमंत्रण को वापस लेने की मांग की। उनका कहना था कि विश्वविद्यालय को सभी छात्रों की भावनाओं और विचारों का सम्मान करना चाहिए।
वहीं, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को हटाने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, विश्वविद्यालय परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया। इसके बाद विरोध प्रदर्शन कर रहे कई छात्रों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
फिलहाल, इस पूरे मामले को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्र संगठनों के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है। छात्र संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे आगे भी विरोध प्रदर्शन जारी रख सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित