चंडीगढ़ , अप्रैल 28 -- शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने पंजाब में लगातार हो रही बिजली कटौती के विरोध में 30 अप्रैल को राज्यव्यापी प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

पार्टी ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार ग्रामीण और शहरी इलाकों में लंबे पावर कट लगाकर लोगों को परेशान कर रही है। इस संबंध में वरिष्ठ अकाली नेता डॉ दलजीत सिंह चीमा ने मंगलवार को कहा कि 30 अप्रैल को पार्टी कार्यकर्ता पूरे राज्य में दिनभर धरना-प्रदर्शन करेंगे, ताकि सरकार को तुरंत कार्रवाई के लिए मजबूर किया जा सके।

उन्होंने बताया कि यह फैसला सुखबीर सिंह बादल द्वारा पंजाब में तेजी से बिगड़ रही बिजली व्यवस्था को देखते हुए लिया गया है। लगातार हो रही बिजली कटौती के कारण लोग रातभर जागने को मजबूर हैं।

डॉ. चीमा ने कहा कि हर विधानसभा क्षेत्र से अकाली नेता और कार्यकर्ता स्थानीय एसडीएम, डीसी तथा पावरकॉम दफ्तरों के बाहर प्रदर्शन करेंगे और निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग उठाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा बिजली संकट आकस्मिक नहीं, बल्कि खराब योजना, समय पर बिजली समझौते न करने और प्रशासनिक अक्षमता का नतीजा है। उन्होंने कहा कि सरकार समस्या के समाधान की बजाय अपनी राजनीतिक अस्थिरता और नेताओं के पलायन से निपटने में व्यस्त है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित