तरनतारन , नवंबर 07 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को तरन तारन विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मदीवार हरजीत सिंह संधू के पक्ष में चुनाव प्रचार करते हुए कहा कि पंजाब में आयी बाढ़ दौरान सेना की मदद लेनी पड़ी, लेकिन यहां की सरकार को चलाने वाले लोगों को इस मुसीबत में छोड़कर भाग गये।
श्री सैनी ने कहा कि बाढ़ दौरान आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल दिल्ली में जाकर बैठ गये। पंजाब के मख्यमंत्री भगवंत मान हॉस्पिटल में भर्ती हो गये। उन्होंने कहा कि इस दौरान हरियाणा और केन्द्र की सरकारें ऐसे समय में पंजाब के साथ खड़ी रहीं। उन्होंने कहा कि पंजाब ने इस बार बाढ़ की त्रासदी देखी, लोग कई दिनों तक घरों में ही फंसे रहे।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पंजाब में बाढ़ के दौरान पीड़ितों की मदद के लिए पांच करोड़ रुपये की आर्थिक मदद कर चुके हैं। इसके साथ ही हरियाणा सरकार की ओर से 650 ट्रक राहत सामग्री पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना की थी। इस दौरान हरियाणा भाजपा की ओर से हर जिले से पंजाब में राहत सामग्री भेजी गयी थी। तरनतारन दौरे उपरांत श्री सैनी अमृतसर रवाना हो गये, जहां वह श्री दरबार साहिब में नतमस्तक होंगे।
तरनतारन में 11 नवंबर को होने वाले विधानसभा उपचुनाव लेकर भाजपा की ओर से 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का नाम शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित