चंडीगढ़, सितंबर 29 -- पंजाब में बीते 24 घंटों के दौरान तापमान में किसी तरह का बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया है। वर्तमान में राज्य का अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग दो डिग्री अधिक और न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 4.4 डिग्री अधिक बना हुआ है। सोमवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान औसतन 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। यह स्थिति लोगों के लिए असहज बनी हुई है, हालांकि आने वाले दिनों में मामूली राहत के संकेत मिल रहे हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब में सबसे अधिक तापमान लुधियाना जिले के समराला में दर्ज किया गया, जो 38.9 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, आने वाले कुछ दिनों तक राज्य में बारिश की संभावना नहीं है। मौसम शुष्क ही बना रहेगा और अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी भी देखी जा सकती है।

मानसून के दौरान राज्य में नमी का स्तर 90 फीसदी तक पहुंच गया था, जिससे लोगों को उमस और चिपचिपाहट का सामना करना पड़ा। फिलहाल नमी का स्तर घटकर 60 से 80 फीसदी के बीच दर्ज किया जा रहा है। इस कारण गर्मी से होने वाली परेशानी कुछ कम हुई है। विशेषज्ञों का कहना है कि अक्टूबर की शुरुआत में तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आ सकती है और लोगों को मौसम से राहत मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित