संगरूर , मार्च 31 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को कहा कि अब पंजाब में डायल-112 पर कॉल करने पर पुलिस सहायता महज़ छह मिनट के भीतर उपलब्ध करायी जाएगी, जो अमेरिका और यूरोप जैसे विकसित क्षेत्रों के स्तर की सेवा होगी।
श्री मान ने संगरूर में 508 नयी आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन (ईआरवी) को हरी झंडी दिखाई। ये वाहन राज्य के सभी 28 पुलिस जिलों में तैनात किये जाएंगे, जिससे आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
इन ईआरवी वाहनों में मोबाइल डेटा टर्मिनल, स्मार्टफोन, डैश कैमरा, वायरलेस सिस्टम और जीपीएस ट्रैकर जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं दी गयी हैं। इनकी मदद से पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
श्री मान ने बताया कि पहले पुलिस प्रतिक्रिया समय 30-45 मिनट था, जो अब घटकर 13-14 मिनट रह गया है, और जल्द ही इसे छह मिनट तक लाने का लक्ष्य है। वर्तमान में डायल-112 पर रोज़ाना करीब 15,000 कॉल आती हैं, जिनमें से लगभग 1,500 मामलों में तुरंत कार्रवाई की जाती है। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने पिछले चार वर्षों में पुलिस वाहनों पर 327.70 करोड़ रुपये खर्च किये हैं। 2022 से अब तक कुल 2,904 नये वाहन खरीदे गये हैं।
उन्होंने नशे के कारोबार को 'ड्रग टेररिज्म' करार देते हुए कहा कि इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि ड्रग मामलों में सजा दर 87 प्रतिशत तक पहुंच गयी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशा तस्करों का सामाजिक बहिष्कार करें, ताकि इस समस्या को जड़ से खत्म किया जा सके।
सरकार द्वारा शुरू की गयी सड़क सुरक्षा बल के तहत 1,597 कर्मियों और 144 वाहनों की तैनाती की गयी है। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटनाओं में मौतों में 48 प्रतिशत तक कमी आयी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए जल्द ही कृत्रिम बुद्धिमता (एआई) तकनीक को भी लागू किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित