चंडीगढ़ , जनवरी 23 -- पंजाब के तकनीकी शिक्षा एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने शुक्रवार को बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अकादमिक सहयोग को मज़बूत करने और राज्य में तकनीकी शिक्षा के मानकों को और ऊंचा उठाने के उदेश्य से आई. के. गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी (पीटीयू), जालंधर ने यूनिवर्सल बिज़नेस स्कूल सिडनी (यू.बी.एस.एस.), ऑस्ट्रेलिया के साथ एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय समझौते पर हस्ताक्षरकिये हैं।

श्री बैंस ने कहा कि यूनिवर्सल बिज़नेस स्कूल सिडनी जैसी विश्व-स्तरीय प्रतिष्ठित संस्थाओं के साथ सहयोग से पंजाब के तकनीकी संस्थानों में शिक्षा और शोध के मानकों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि ऐसे समझौते विद्यार्थियों और फैकल्टी सदस्यों, दोनों के लिए उन्नत एवं सहयोगात्मक शोध, संयुक्त प्रकाशन, नवाचार-आधारित परियोजनाओं तथा अंतरराष्ट्रीय शोध तक पहुंच के व्यापक अवसर खोलेंगे।

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि वैश्विक साझेदारी विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव, उद्योग-उन्मुख प्रशिक्षण तथा विदेशों में उच्च शिक्षा, इंटर्नशिप और प्लेसमेंट के अवसर प्रदान कर उनके करियर के लिए नए, बेहतर और व्यापक मार्ग प्रशस्त करेगी। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रणनीतिक अकादमिक साझेदारी की शुरुआत करने वाले इस समझौते पर पीटीयू के कुलपति डॉ. सुशील मित्तल और यूनिवर्सल बिज़नेस स्कूल सिडनी के प्रेसिडेंट गैरी मल्होत्रा ने औपचारिक रूप से हस्ताक्षर किये।

डॉ. सुशील मित्तल ने राज्य को विश्व-स्तर पर प्रतिस्पर्धी तकनीकी शिक्षा और शोध उत्कृष्टता के केंद्र में परिवर्तित करने की पंजाब सरकार की परिकल्पना के अनुरूप अंतरराष्ट्रीय एवं द्विपक्षीय संबंधों को सुदृढ़ करने के प्रति पीटीयू की प्रतिबद्धता को दोहराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित