चंडीगढ़/ तरनतारन , नवंबर 14 -- आम आदमी पार्टी (आप) ने तरनतारन विधानसभा उपचुनाव में एक शानदार और निर्णायक जीत दर्ज की है। लोगों ने विकास-आधारित राजनीति, पारदर्शी शासन और मुख्यमंत्री भगवंत मान और राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के ईमानदार नेतृत्व के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया है। यह फैसला 'आप' के जन-हितैषी शासन और प्रगतिशील बदलाव के मॉडल में पंजाब के अटूट विश्वास को दर्शाता है।
'आप' पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार को पार्टी दफ्तर में मंत्रियों, विधायकों और कार्यकर्ताओं के साथ जीत का जश्न मनाते हुए कहा, " पंजाब के लोगों ने एक बार फिर कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल को नकार दिया है। कांग्रेसी नेताओं ने सत्ता में न होने के बावजूद अहंकारी बयान दिए और पंजाबियों की चेतना को चुनौती दी।" लोगों ने कांग्रेस की बार-बार की जा रही समाज विरोधी और असंवेदनशील टिप्पणियों के खिलाफ अपने गुस्से के कारण ऐतिहासिक जनादेश के साथ जवाब दिया। 'आप' की सभी उपचुनावों में जीत, लुधियाना पश्चिम (शहरी सीट), जालंधर पश्चिम (दलित बहुल सीट) और तरनतारन (ग्रामीण और पंथक सीट) ने साबित कर दिया है कि 'आप' हर क्षेत्र और समुदाय की पहली पसंद है। चंडीगढ़ में 'आप' मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, पंजाब 'आप' अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ('आप' के तरनतारन उपचुनाव प्रभारी), हरदीप सिंह मुंडियां और बरिंदर गोयल के साथ मिलकर विरोधियों को कड़ा संदेश दिया।
श्री अरोड़ा ने कहा, "यह भारी जीत पिछले साढ़े तीन सालों में मान सरकार द्वारा किये गये कामों पर तरनतारन के लोगों की सीधी मुहर है। कांग्रेस और भाजपा, जो महीनों से झूठा प्रचार कर रही थीं, उनकी ज़मानत ज़ब्त हो गयी, जिससे साबित होता है कि पंजाबियों ने उन्हें पूरी तरह से ख़ारिज कर दिया है।"उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जाति और धर्म की राजनीति करते हुए दलित समुदाय के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। लोगों ने उन्हें करारी हार दी है। भाजपा, जिसने लगातार पंजाब और पंजाबियत पर हमला किया है, उसे भी तरनतारन के लोगों ने ख़ारिज कर दिया है।
श्री अरोड़ा ने कहा कि तीन अलग-अलग जनसांख्यिकीय श्रेणियों - जालंधर पश्चिम (दलित-बहुल आरक्षित सीट), लुधियाना पश्चिम (शहरी हिंदू-बहुल सीट) और तरनतारन (पूरी तरह से पंथक सिख-बहुल सीट) में 'आप' की जीत साबित करती है कि 'आप' धर्म, हर जाति, हर समुदाय, हर वर्ग और समाज के हर तबके की पसंदीदा पार्टी है। उन्होंने आगे कहा कि विरोधी पार्टियों ने दावा किया था कि यह चुनाव 2027 के लिए 'सेमीफाइनल' होगा। अगर ऐसा है, तो 'आप' ने सेमीफाइनल निर्णायक रूप से जीत लिया है और 2027 का फाइनल 'आप' और भी बड़े अंतर से जीतेगी।
पंजाब के कार्यकारी अध्यक्ष अमनशेर सिंह शैरी कलसी ने कहा कि लोकतंत्र में, लोग सर्वोच्च हैं और हर सीट महत्वपूर्ण है। यह जीत स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि पंजाब के लोग मान सरकार के साथ हैं और उसके काम से खुश हैं।
शानदार जीत के बाद हरमीत सिंह संधू ने 'आप' पंजाब के कार्यकारी अध्यक्ष शैरी कलसी के साथ मिलकर तरनतारन में लोगों का उनके विश्वास और अटूट समर्थन के लिए आभार जताने के लिए एक विशाल 'धन्यवाद रोड शो' किया। जनता को संबोधित करते हुए संधू ने भरोसा दिलाया कि वह हलके के विकास के लिए दिन-रात काम करेंगे और हर लंबित व भविष्य के काम को प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने नशों के खिलाफ पंजाब की निर्णायक लड़ाई और हर मोर्चे पर पंजाब के अधिकारों की रक्षा में मुख्यमंत्री भगवंत मान के हाथ मजबूत करने के लिए तरनतारन के लोगों का धन्यवाद किया।
आप पंजाब के महासचिव और पंजाब मंडी बोर्ड के अध्यक्ष हरचंद सिंह बरसट ने भी आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं को तरनतारन उपचुनाव में उनकी कड़ी मेहनत और जीत के लिए बधाई दी। उन्होंने मान सरकार को मजबूत करने के लिए हलके के मतदाताओं का धन्यवाद किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित