चंडीगढ़ , अप्रैल 07 -- पंजाब के कुराली के पास सिसवां रोड स्थित एक निजी स्कूल में उस समय विवाद खड़ा हो गया जब एक महिला इंस्पेक्टर अपने पति के साथ बच्चे का सेक्शन बदलवाने की मांग लेकर स्कूल पहुंची। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने उनकी बात सुनने से इनकार कर दिया और सेक्शन बदलने की मांग भी ठुकरा दी।

जानकारी के अनुसार, जब महिला इंस्पेक्टर प्रिंसिपल से बात करने पहुंचीं तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि प्रिंसिपल ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें बांह पकड़कर कार्यालय से बाहर निकाल दिया। इस घटना के बाद इंस्पेक्टर ने मीडिया को बुलाकर स्कूल प्रबंधन के रवैये पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब एक इंस्पेक्टर रैंक की महिला के साथ ऐसा व्यवहार हो सकता है, तो आम लोगों के साथ कैसा व्यवहार किया जाता होगा।

मौके पर मौजूद लोगों और समाजसेवी हरमेश सिंह बरौदी ने भी स्कूल के खिलाफ नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल की किताबें काफी महंगी हैं और केवल एक ही दुकान पर उपलब्ध करवाई जाती हैं, जिससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ पड़ता है। उन्होंने इस मामले में संभावित मिलीभगत की जांच की मांग की।

हालांकि, स्कूल प्रबंधन और कर्मचारियों ने इन सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं है। दोनों पक्षों के बीच अबतक कोई समझौता नहीं हो पाया है।

स्थानीय लोगों ने जिला शिक्षा अधिकारी मोहाली और शिक्षा मंत्री से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित