चंडीगढ़ , फरवरी 03 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने मंगलवार को भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के तहत अमेरिकी आयातपर 'जीरो टैरिफ' लागू करने के प्रस्ताव पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने आशंका जतायी कि इसमें कृषि उत्पाद भी शामिल हो सकते हैं।

यहां जारी एक बयान में, उन्होंने कहा कि इस मामले में स्पष्टता न होने के कारण विशेषकर पंजाब के किसानों में बड़ी चिंता है कि कृषि उत्पादों को बिना किसी टैरिफ के देश में आने की अनुमति दी जा सकती है। उन्होंने चेतावनी देते हुए, कहा कि यह कदम कृषि आधारित अर्थव्यवस्था के लिए घातक साबित हो सकता है। उन्होंने जोर देते हुए, कहा कि देशभर, खासकर पंजाब के किसानों में यह डर और चिंता है कि मोदी सरकार अमेरिका के दबाव में आकर अमेरिकी आयात पर 'जीरो टैरिफ' मंजूर कर रही है, जबकि भारतीय उत्पादों पर 18 प्रतिशत टैरिफ लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि इस आयात में कृषि उत्पाद भी शामिल हुए, तो यह कृषि को खत्म करने वाला कदम साबित होगा और देशभर की कृषि अर्थव्यवस्था को बड़ा झटका लगेगा, जिसका सबसे अधिक नुकसान पंजाब को होगा।

राजा वड़िंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देश के लोगों और खासकर किसानों को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उनके हितों से कोई समझौता नहीं किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा न करने पर सरकार को किसानों के गुस्से का सामना करने के लिए तैयार रहना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यहकेवल किसानों का ही नहीं, बल्कि देश के भविष्य से जुड़ा मामला है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित