बेंगलुरु , जनवरी 16 -- चेतन साकरिया (चार विकेट) के बाद विश्वराज जडेजा (नाबाद165 ), कप्तान हार्विक देसाई (64) और प्रेरक माकंड (नाबाद 52) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत सौराष्ट्र ने शुक्रवार को दूसरे सेमीफाइनल में पंजाब को 63 गेंदे शेष रहते नौ विकेट से हराकर विजय हजारे ट्रॉफी के खिताबी मुकाबले में जहग बना ली है। जहां उसका मुकाबला विदर्भ से होगा।
292 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सौराष्ट्र के लिए कप्तान हार्विक देसाई और विश्वराज जडेजा की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 172 रनों की साझेदारी कर अपनी टीम के जीत की नींव रखी। 23वें ओवर में गुरनूर बरार ने हार्विक देसाई को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। हार्विक देसाई ने 63 गेंदों में नौ चौके लगाते हुए 64 रन बनाये। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये प्रेरक माकंड ने विश्वराज जडेजा के साथ 121 रनों की अविजित साझेदारी कर अपनी टीम 39.3 ओवरों एक विकेट पर 293 रन बनाकर अपनी टीम को नौ विकेट से जीत दिलाकर फाइनल में पहुंचा दिया। विश्वराज जडेजा ने 127 गेंदों में 18 चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए नाबाद 165 रन बनाये। प्रेरक मांकड ने 49 गेंदों में सात चौकों की मदद से 52 रन बनाये।
इससे पहले आज यहां अनमोलप्रीत सिंह (100) की शतकीय और कप्तान प्रभसिमरन सिंह (87) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत पंजाब ने दूसरे सेमीफाइनल में सौराष्ट्र के खिलाफ 291 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया।
सौराष्ट्र ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब के लिए हरनूर सिंह और कप्तान प्रभसिमरन सिंह की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 60 रन जोड़े। इसी दौरान हरनूर सिंह (33) रनआउट हो गये। इसके बाद अनमोलप्रीत सिंह ने प्रभसिमरन सिंह के साथ दूसरे विकेट के लिए 109 रनों की साझेदारी की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित