लखनऊ , दिसंबर 18 -- उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव और अगले साल प्रस्तावित त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर अपना दल (एस) ने तैयारियों को परखने के लिये मंडलवार समीक्षा करने का निर्णय लिया है। इस समीक्षा बैठक में वर्तमान जिला अध्यक्ष, पूर्व जिला अध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष और मंडल में निवास करने वाले सभी राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों की उपस्थिति को अनिवार्य किया गया है। बैठक में पार्टी उपाध्यक्ष एवं प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल उपस्थित सभी पदाधिकारियों से सीधा संवाद करेंगे। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि मंडलवार समीक्षा बैठक का उद्देश्य उत्तर प्रदेश की सभी विधानसभाओं में पार्टी संगठन की तैयारी, विधानसभा अध्यक्ष, जोन अध्यक्ष, सेक्टर अध्यक्ष और बूथ अध्यक्ष के कार्यों की समीक्षा करना है। जहां संगठन कमजोर या निष्क्रिय है उसे सक्रिय करने पर विचार कर संगठन को मजबूत करने की दिशा को गति देना है। ताकि 2026 में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पार्टी के बढ़ चढ़कर भागीदारी करने में कोई कोर कसर न रहे। पार्टी प्रत्याशी की शतप्रतिशत जीत सुनिश्चित हो इस रणनीति से पार्टी पदाधिकारियों को लैस किया जाएगा।

पार्टी प्रवक्ता ने बताया कि मंडलवार समीक्षा के क्रम में प्रथम चरण में आठ मंडलों की बैठक होगी, जिसमें पार्टी के वर्तमान जिला अध्यक्ष, पूर्व जिला अध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष और मंडल में निवास करने वाले सभी राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों को भाग लेना है और इन सभी की उपस्थिति को अनिवार्य किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित