पटना, मार्च 18 -- बिहार पंचायती राज विभाग के निदेशक नवीन कुमार सिंह की अध्यक्षता में विभाग की ओर से क्रियान्वित योजनाओं की प्रगति के लिये दक्षिण बिहार के 17 जिलों के उप-विकास आयुक्त, जिला पंचायत राज पदाधिकारी एवं जिला परिषद के अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया।
श्री सिंह की अध्यक्षता में दक्षिण बिहार के 17 जिलों (जमुई, भागलपुर, नवादा, मुंगेर, जहानाबाद, पटना, अरवल, रोहतास, बांका, औरंगाबाद, गया, शेखपुरा, नालंदा, लखीसराय, भोजपुर, कैमूर और बक्सर) के उप-विकास आयुक्त, जिला पंचायत राज पदाधिकारी एवं जिला परिषद के अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में निदेशक श्री सिंह ने निर्मित पंचायत सरकार भवनों का शीघ्र हस्तांतरण सुनिश्चित कर उन्हें क्रियाशील करने के लिये पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया। मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाईट योजना के तहत इन 17 जिलों की ग्राम पंचायतों में 3,64,605 सोलर स्ट्रीट लाइट्स का अधिष्ठापन किया जा चुका है। योजना के तहत पटना जिले की ग्राम पंचायतों में 37,656 सोलर स्ट्रीट लाइट्स लगाई गई हैं। ग्राम पंचायतों में सोलर स्ट्रीट लाइट अधिष्ठापन में विलंब करने वाली एजेंसी से स्पष्टीकरण की मांग करते हुए अनुबंध के अनुसार कार्रवाई करने के लिये निदेशक, पंचायती राज विभाग, बिहार द्वारा जिला पंचायत राज पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया।
निदेशक ने ग्राम पंचायतों में तेजी से सोलर स्ट्रीट लाइट्स का अधिष्ठापन सुनिश्चित कराते हुए 31 मार्च 2026 तक शत प्रतिशत अधिष्ठापन लक्ष्य प्राप्त करने के लिये भी निर्देश दिया।
निदेशक श्री सिंह ने कहा कि अधिष्ठापन का कार्य कर रही एजेंसियों का शीघ्र भुगतान भी पदाधिकारियों द्वारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने छठे राज्य वित्त आयोग द्वारा संपोषित योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त कर जनकल्याणकारी योजनाओं में तेजी से खर्च करने के लिये निर्देश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित