उज्जैन , मार्च 29 -- मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली पंचकोशी पैदल यात्रा इस वर्ष 12 अप्रैल से प्रारंभ होगी। भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अग्रिम तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार 12 से 16 अप्रैल तक चलने वाली यह 118 किलोमीटर लंबी यात्रा श्रद्धालु पांच दिनों में पूरी करते हैं। यात्रा के दौरान कुल आठ पड़ाव और उप-पड़ाव निर्धारित किए गए हैं।
यात्रा की तैयारियों को लेकर संभागायुक्त आशीष सिंह, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने पटनी बाजार स्थित नागचंद्रेश्वर महादेव मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों और पड़ाव स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को श्रद्धालुओं के ठहरने, पेयजल व्यवस्था, पानी की टंकियों की सफाई, परिसर की स्वच्छता, सीसीटीवी कैमरे, प्रकाश व्यवस्था और एलईडी स्क्रीन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही सिंहस्थ-2028 के तहत चल रहे निर्माण कार्यों को यात्रा से पहले पूर्ण करने और यात्रा मार्ग के सुधार व समतलीकरण के कार्य समय सीमा में पूरे करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि कई श्रद्धालु नंगे पैर यात्रा करते हैं, इसलिए मार्ग को सुगम बनाना आवश्यक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित