चंडीगढ़ , अप्रैल 10 -- बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को हरियाणा के पंचकूला में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

यह जानकारी भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं कार्यक्रम समिति के सह-संयोजक राजकुमार कटारिया ने दी।

श्री कटारिया ने बताया कि जयंती के उपलक्ष्य में पूरे प्रदेश में सप्ताहभर सामाजिक सेवा और जागरूकता कार्यक्रम चलाये जाएंगे। जिला स्तर पर स्वच्छता अभियान, संगोष्ठी और दीपोत्सव के माध्यम से बाबा साहेब को श्रद्धांजलि दी जाएगी। 13 अप्रैल को अंबेडकर प्रतिमाओं के आसपास सफाई अभियान चलाया जाएगा और शाम को दीप प्रज्ज्वलन होगा।

चौदह अप्रैल को जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करेंगे और मिष्ठान वितरण किया जाएगा। बूथ स्तर तक कार्यक्रम आयोजित कर बाबा साहेब के जीवन, विचारों और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर चर्चा की जाएगी। साथ ही 'संविधान की प्रस्तावना' का सामूहिक पाठ भी होगा।

उन्होंने बताया कि बस्तियों और छात्रावासों में विशेष संपर्क अभियान चलाया जाएगा और समाज के गणमान्य लोगों को सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक जिला मुख्यालय पर संगोष्ठियां आयोजित होंगी, जिनमें वंचित समाज के बुद्धिजीवी और समाजसेवी शामिल होंगे।

पंचकूला में होने वाले मुख्य कार्यक्रम की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी करेंगे, जबकि मंत्री कृष्ण पंवार भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों के लिए प्रदेश स्तरीय समिति का गठन किया गया है।

श्री कटारिया ने कहा कि बाबा साहेब का भारतीय संविधान निर्माण में योगदान अविस्मरणीय है और केंद्र और राज्य सरकारें उनके विचारों को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं लागू कर रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित