महराजगंज , मार्च 02 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को महाराजगंज स्थित अपने आवास पर जनता दर्शन कार्यक्रम के तहत जनसुनवाई की। सुबह से ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे और आवास परिसर में लंबी कतारें लगी रहीं। जनता दर्शन में बिजली, सड़क, पानी, आवास, पेंशन, राजस्व विवाद, छात्रवृत्ति और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित प्रकरण प्रमुख रूप से सामने आए। फरियादियों ने क्रमवार मंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। पंकज चौधरी ने सभी की शिकायतें ध्यानपूर्वक सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कई मामलों में उन्होंने मौके पर ही विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समाधान की प्रक्रिया तेज करने को कहा।
ग्रामीण क्षेत्रों से आए किसानों ने खाद की उपलब्धता, नलकूप मरम्मत और सिंचाई व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई, जबकि युवाओं ने रोजगार एवं भर्ती प्रक्रिया से जुड़े मुद्दे रखे। महिलाओं ने राशन कार्ड, उज्ज्वला योजना और पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान की गुहार लगाई।
मंत्री ने आश्वस्त किया कि प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से जांच कर त्वरित निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा ही उनकी प्राथमिकता है और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना लक्ष्य है। अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित