न्यूलैंड्स , दिसंबर 27 -- रयान रिकेल्टन का एसए20 में पहला शतक भी एमआई केप टाउन को हार से नहीं बचा सका। रोमांचक सीजन-4 के उद्घाटन मुकाबले में डरबन सुपर जायंट्स ने एमआई केप टाउन को 15 रन से हराकर विजयी शुरुआत की।

रनों से भरी इस ओपनिंग नाइट में कुल 449 रन बने, जिसमें 25 छक्के और 40 चौके शामिल रहे। न्यूलैंड्स पहुंचे दर्शकों को शुरू से अंत तक भरपूर मनोरंजन देखने को मिला।

डरबन सुपर जायंट्स की ओर से न्यूजीलैंड की नई ओपनिंग जोड़ी डेवोन कॉनवे और केन विलियमसन ने पावरप्ले में शानदार शुरुआत दी। दोनों ने मात्र 8.3 ओवर में 96 रन जोड़ दिए।

विलियमसन (25 गेंदों पर 40 रन, 7 चौके) का विकेट एमआई केप टाउन के कप्तान राशिद खान ने मिड-ऑफ से पीछे दौड़ते हुए फुल-लेंथ डाइव लगाकर लाजवाब कैच लेकर गिराया।

इसके बाद इंग्लैंड के जोस बटलर (12 गेंदों पर 20 रन) और हेनरिक क्लासेन (14 गेंदों पर 22 रन) ने रनों की रफ्तार बनाए रखी। बेहद आक्रामक दिख रहे कॉनवे (33 गेंदों पर 64 रन, 7 चौके, 2 छक्के) को ट्रेंट बोल्ट ने पवेलियन भेजा।

अंतिम ओवरों में एडन मार्करम और इवान जोन्स ने कहर बरपाया। मार्करम ने 17 गेंदों पर 35 रन (5 चौके, 1 छक्का) ठोके, जबकि जोन्स ने 14 गेंदों पर नाबाद 33 रन (4 चौके, 2 छक्के) बनाकर स्कोर को 232/5 तक पहुंचाया। यह न्यूलैंड्स में एसए20 का अब तक का सर्वोच्च स्कोर है।

एमआई केप टाउन की रन-चेज पूरी तरह रयान रिकेल्टन के इर्द-गिर्द घूमती रही। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने न्यूलैंड्स के साथ अपने खास रिश्ते को बरकरार रखते हुए शानदार बल्लेबाज़ी की। हालांकि रासी वैन डर डुसेन (2) और रीज़ा हेंड्रिक्स जल्दी आउट हो गए।

मैच में रोमांच तब आया जब डेब्यू कर रहे जेसन स्मिथ ने महज 14 गेंदों पर 41 रन (4 चौके, 3 छक्के) ठोककर मुकाबले को जीवंत बना दिया। लेकिन डेथ ओवर्स में डरबन सुपर जायंट्स ने लगातार विकेट झटके। स्मिथ, निकोलस पूरन (15) और ड्वेन प्रिटोरियस (5) पवेलियन लौटे।

रिकेल्टन को 85 रन पर उस समय जीवनदान मिला, जब क्वेना मफाका ने नो-बॉल फेंकी और उनका कैच अमान्य हो गया। इसके बाद उन्होंने अपना दूसरा टी20 शतक पूरा किया।

आखिरी ओवर में 22 रन चाहिए थे, लेकिन डरबन के तेज गेंदबाज ईथन बॉश (4/46) ने दबाव में शानदार गेंदबाज़ी करते हुए रिकेल्टन को आउट किया और एमआई केप टाउन की साहसिक कोशिश पर विराम लगा दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित