पटना , दिसम्बर 31 -- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्य सचिव राम नरेश पाण्डेय ने बुधवार को राज्य सरकार से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एम.एस.पी.)पर धान खरीद की गारंटी करने की मांग की है।
श्री पाण्डेय ने आज बयान जारी कर कहा कि समान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2369 रूपये प्रति क्विंटल और ग्रेड ए धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2389 रुपये निर्धारित है, लेकिन पूरे बिहार में कहीं भी निर्धारित मूल्य पर धान की खरीद नहीं हो रही है। किसान बाजार में 1500 रूपया से 1600 रूपया प्रति क्विंटल धान बेचने को मजबूर हैं।
भाकपा राज्य सचिव ने कहा कि बिहार में पैक्स के माध्यम से धान खरीदने की व्यवस्था सरकार द्वारा निर्धारित है। उन्होंने कहा कि पैक्स की मनमानी उदासीनता, अनियमितता के चलते धान की खरीद मंथर गति से चल रही है। नमी का बहाना बनाकर पैक्स धान खरीद से इंकार कर रहे है। कुछ पैक्सों का यह भी कहना है कि चावल मीलों का निर्धारण नहीं हुआ है।
श्री पाण्डेय ने कहा कि किसानों की चिर-परिचित मांग कि न्यूनतम समर्थन मूल्य को कानूनी बनाया जाये, जिससे किसानों के फसलों की खरीद निर्धारित मूल्य पर हो, इसकी गारंटी हो जाय, यह सरकार टाल रही है। उन्होंने काह कि बिहार में वैसे ही 2006 से ही कृषि उत्पाद विपणन समिति (ए.पी.एम.सी) अधिनियम समाप्त हैं, बाजार समितियां समाप्त है और किसान अपना धान सस्ते में बेचने पर मजबूर है।
भाकपा राज्य सचिव ने राज्य सरकार से निर्धारित समर्थन मूल्य पर धान की खरीद की व्यवस्था कर किसानों को शोषण से बचाने की मांग की है। साथ ही पार्टी ने अपनी सभी इकाइयों को धान खरीद के सवाल को लेकर संघर्ष करने का आह्वान किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित