विशाखापत्तनम , जनवरी 28 -- टिम साइफर्ट (64), डेवन कॉन्वे (44) और डैरिल मिचेल (नाबाद 39) की आतिशी पारियों की मदद से न्यूजीलैंड ने बुधवार को चौथे टी-20 मुकाबले में भारत को जीत के लिए 216 रनों का लक्ष्य दिया। आज यहां भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड के लिए टिम साइफर्ट और डेवन कॉन्वे की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 100 रन जोड़े। नौवें ओवर में कुलदीप यादव ने डेवन कॉन्वे को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। डेवन कॉन्वे ने 23 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 44 रन बनाये। अगले ओवर में जसप्रीत बुमराह ने रचिन रविंद्र (दो) को अपनी ही गेंद पर कैच आउटकर पवेलियन भेज दिया। 13वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने टिम साइफर्ट को आउटकर न्यूजीलैंड के रनों की रफ्तार पर लगाम लगाने का प्रयास किया। टिम साइफर्ट ने 36 गेंदों में सात चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 62 रनों की पारी खेली। अगले ओवर में कुलदीप ने ग्लेन फिलिप्स (24) को अपना शिकार बना लिया। मार्क चैपमैन (नौ) को रवि बिश्नोई ने आउट किया। मिचेल सैंटनर (11) और जैकरी फॉक्स 13 रन बनाकर आउट हुये। न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 215 रनों का विशाल स्कोर बनाया। डैरिल मिचेल ने 18 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए नाबाद 39 रनों की पारी खेली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित