माउंट माउंगानुई , मार्च 15 -- कप्तान अमेलिया केर (78), जॉर्जिया प्लिमर (63) की शानदार अर्धशतकीय पारी के बाद सोफी डिवाइन (चार विकेट) और जेस केर (दो विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत न्यूजीलैंड की महिला टीम ने रविवार को खेले गये पहले टी-20 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 80 रनों से शिकस्त दी। न्यूजीलैंड ने इस जीत के साथ पांच मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। अमेलिया केर को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' से नवाजा गया।
191 रनों के लक्ष्य का दक्षिण अफ्रीका की महिला टीम न्यूजीलैंड के गेंदबाजी आक्रमण के आगे निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 110 रन ही बना सकी और 80 रनों से मुकाबला हार गई। दक्षिण अफ्रीका के लिए ताजमिन ब्रिट्स ने सर्वाधिक 29 रन बनाये। इसकेअलावा एन डी क्लर्क (19), सूने लूस और (10) रन बनाकर आउट हुई। कायला रेनेके ने 18 गेंदों में नाबाद 24 रन बनाये। दक्षिण अफ्रीका के पांच बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके।
न्यूजीलैंड के लिए सोफी डिवाइन ने 12 रन देकर चार विकेट और जेस केर ने 13 रन देकर दो विकेट लिये।
इससे पहले आज यहां न्यूजीलैंड की महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। न्यूजीलैंड को पारी की पहली गेंद पर इजाबेला गेज (शून्य) रनआउट के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी अमेलिया केर ने जॉर्जिया प्लिमर के साथ पारी को संभाला और तेजी के साथ रन भी बटोरे। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 146 रनों की साझेदारी हुई। 14वें ओवर में एम क्लास ने अमेलिया केर को आउटकर इस साझेदारी को अंत किया। अमेलिया केर ने 44 गेंदों में 11 चौके और तीन दो उड़ाते हुए 78 रन बनाये। 15वें ओवर में एन म्लाबा ने जॉर्जिया प्लिमर को आउट किया। जॉर्जिया प्लिमर ने 44 पांच चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 63 रनों की पारी खेली। सोफी डिवाइन (12), ब्रुक हॉलिडे (13), मैडी ग्रीन (10) और इजी शार्प (चार) रन बनाकर आउट हुई। न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 190 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित