वेलिंगटन , फरवरी 05 -- न्यूजीलैंड सरकार की एजेंसियों ने फ्रांस के अधिकारियों के साथ मिलकर फ्रेंच पोलिनेशिया में एक बड़े अंतरराष्ट्रीय अभियान के तहत 4.24 टन कोकीन जब्त की है।

न्यूजीलैंड सीमा शुल्क सेवा, न्यूजीलैंड रक्षा दल (एनजेडडीएफ) और सरकारी संचार सुरक्षा ब्यूरो (जीसीएसबी) ने अमेरिका की ड्रग एनफोर्समेंट एजेंसी (डीईए) की सहायता से फ्रांसिसी अधिकारियों के साथ समन्वय कर सोमवार को एक जहाज को रोका और उस पर मौजूद 4.24 टन कोकीन को जब्त किया।

सीमा शुल्क मंत्री केसी कोस्टेलो ने कहा कि दिसंबर में शुरू की गयी नयी अंतरराष्ट्रीय, संजीदा एवं संगठित अपराध (टीएसओसी) कार्य योजना के तहत यह तय किया गया था कि संबंधित एजेंसियां मिलकर समुद्री अभियान चलाएंगी, ताकि प्रशांत क्षेत्र में सक्रिय संगठित अपराध नेटवर्क को निशाना बनाया जा सके।

उन्होंने कहा, "यह इस अभियान, ऑपरेशन किवा की पहली बड़ी सफलता है और मुझे खुशी है कि हमारी एजेंसियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए फ्रांस और अमेरिका के साझेदारों के साथ मिलकर यह परिणाम हासिल किया।"श्री कोस्टेलो ने कहा कि सीमा-पार संगठित अपराध से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग और मजबूत साझेदारियां जरूरी हैं। एक बयान में कहा गया कि ऑपरेशन किवा के तहत सीमा शुल्क, एनजेडडीएफ और जीसीएसबी की विशेषज्ञता और क्षमताओं को एक साथ लाकर खुफिया अभियानों और समुद्री निगरानी को मजबूत किया गया है, ताकि क्षेत्र में गश्त कर न्यूजीलैंड और उसके प्रशांत साझेदारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित