बरेली , फरवरी 7 -- उत्तर प्रदेश में बरेली जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र स्थित पिपरिया गांव में श्रेणी-5 की सरकारी बंजर भूमि पर बने अवैध ढांचे को शनिवार दोपहर प्रशासन ने न्यायालय के आदेश पर ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल एवं पीएसी की तैनाती रही।
एसडीएम सदर प्रमोद कुमार ने बताया कि संबंधित भूमि को लेकर वर्ष 2008 से कानूनी विवाद चल रहा था। तहसीलदार न्यायालय द्वारा निर्माण को अवैध मानते हुए बेदखली के आदेश पारित किए गए थे। इसके बाद संबंधित पक्ष ने सिविल कोर्ट में राहत की याचिका दायर की, जिसे न्यायालय ने खारिज कर दिया। अदालती प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई।
प्रशासन के अनुसार करीब 300 वर्गगज भूमि को कब्जामुक्त कराया गया है। बेदखली प्रक्रिया के तहत लगाए गए जुर्माने की धनराशि संबंधित पक्ष द्वारा पूर्व में जमा की जा चुकी थी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित