शिलांग , अक्टूबर 08 -- न्यायमूर्ति सौमेन सेन ने बुधवार को मेघालय उच्च न्यायालय के 14वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली।

मेघालय के राज्यपाल चंद्रशेखर एच. विजयशंकर ने यहां राजभवन में नव नियुक्त मुख्य न्यायाधीश को पद की शपथ दिलायी।

मुख्य न्यायाधीश इंद्र प्रसन्ना मुखर्जी के पांच सितंबर, 2025 को सेवानिवृत्त होने के बाद न्यायमूर्ति हमरसन सिंह थांगख्यू मेघालय उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्य कर रहे थे।

शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री कोनराड संगमा और उनके मंत्रिपरिषद के सदस्य, विपक्ष के नेता डॉ. मुकुल संगमा, न्यायमूर्ति हमरसन सिंह थांगख्यू, न्यायमूर्ति वानलुरा डिएंगदोह, न्यायमूर्ति विश्वदीप भट्टाचार्य, मुख्य सचिव डॉ. शकील पी अहमद और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 26 सितंबर को उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम की सिफ़ारिश पर कलकत्ता उच्च न्यायालय के वर्तमान न्यायाधीश सेन को मेघालय उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया था। वे शपथ ग्रहण की तिथि से ही अपना कार्यभार संभालेंगे।

न्यायामूर्ति सेन का जन्म 27 जुलाई, 1965 को कोलकाता में हुआ था। सेंट लॉरेंस उच्च विद्यालय से स्कूली शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने 1990 में कलकत्ता विश्वविद्यालय से एल.एल.बी. की डिग्री प्राप्त की जिसमें उन्होंने सर्वोच्च अंक प्राप्त कर परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

जनवरी 1991 में न्यायामूर्ति सेन ने पश्चिम बंगाल बार काउंसिल में एक वकील के रूप में अपना पंजीयन कराया और 13 अप्रैल 2011 को उसी न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत हुये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित