नयी दिल्ली , नवंबर 24 -- भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति जितेंद्र कुमार माहेश्वरी को सर्वोच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति (एससीएलएससी) का नया अध्यक्ष नामित किया है। उनकी यह नियुक्ति सोमवार से प्रभावी होगी।

विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 की धारा 3ए के अंतर्गत 20 नवंबर को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गयी जिसके अनुसार, न्यायमूर्ति माहेश्वरी उच्चतम न्यायालय में पात्र वादियों के लिए मुफ्त कानूनी सेवाएं और न्याय तक प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार निकाय का कार्यभार ग्रहण करेंगे।

अध्यक्ष के रूप में, न्यायमूर्ति माहेश्वरी समिति के प्रशासन, नीति निर्माण एव कानूनी सहायता कार्यक्रमों की देखरेख करेंगे, तथा विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम के अधिदेश के साथ संरेखण सुनिश्चित करेंगे।

इससे पहले न्यायमूर्ति विक्रम नाथ एससीएलएससी के अध्यक्ष थे जिन्हें अब राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (एनएएलएसए) का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

न्यायमूर्ति माहेश्वरी 2021 से उच्चतम न्यायालय में न्यायाधीश हैं। शीर्ष अदालत में पदोन्नति से पहले, वह आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश और मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में अपनी सेवाएं प्रदान कर चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित