बीजापुर, सितंबर 26 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर पुलिस ने माओवाद विरोधी अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए आठ लाख रुपये के इनामी एक डिवीजनल कमेटी सदस्य और एक लाख रुपये के इनामी जनताना सरकार के अध्यक्ष को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पुलिस पर हमला, आईईडी विस्फोट, हत्या और लूट जैसे गंभीर मामलों में शामिल रहे हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार को डीआरजी बीजापुर, थाना बासागुड़ा और कोबरा 210 की संयुक्त टीम ने पोलमपल्ली के जंगल से मल्लैश कुंजाम (40 वर्ष) नामक डिवीजनल कमेटी सदस्य को गिरफ्तार किया। उस पर आठ लाख रुपये का इनाम था। पुलिस के मुताबिक, कुंजाम सात जून 2023 को गगनपल्ली और मुरकीपाड़ के जंगल में पुलिस पार्टी पर आईईडी विस्फोट और फायरिंग की घटना में शामिल था। उसके खिलाफ बासागुड़ा में पांच और मोदकपाल में एक स्थाई वारंट लंबित थे। हत्या, लूट, अपहरण और आगजनी सहित कई थानों में उस पर मामले दर्ज हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के ही मुताबिक,एक अन्य कार्रवाई में थाना जांगला और भैरमगढ़ की संयुक्त टीम ने डारमेर से अनिल वेको 32 वर्ष नामक जनताना सरकार अध्यक्ष को गिरफ्तार किया है।जिस पर एक लाख रुपये का इनाम था। वेको पर 21 मई 2025 को पुलिस पार्टी पर आईईडी विस्फोट, 29 मार्च 2025 को एक महिला के घायल होने की घटना, 29 नवंबर 2024 को एक ग्रामीण की हत्या और वाहन में आगजनी जैसे कई गंभीर आरोप हैं।

दोनों आरोपियं के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है और उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। अदालती आदेश के बाद दोनों नक्सलियों को जेल भेजा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित