सोनभद्र , फरवरी 13 -- सोनभद्र जिले के ओबरा थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पूर्व गिरिधर सीमेंट्स लिमिटेड परिसर में हुई हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कंपनी में कार्यरत रह चुका था और नौकरी से निकाले जाने व डांट-फटकार से क्षुब्ध होकर उसने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शुक्रवार को बताया कि सात फरवरी की रात गिरिधर सीमेंट्स लिमिटेड परिसर में कंपनी संचालक के चाचा विष्णु हरि उपाध्याय की अज्ञात व्यक्ति ने सिर पर पत्थर से वार कर हत्या कर दी थी। इसके बाद आरोपी ने कार्यालय का ताला खोलकर दराज में रखे 6,500 रुपये नकद और मृतक का मोबाइल फोन चोरी कर लिया था। पहचान छिपाने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरा क्षतिग्रस्त कर उसके उपकरण (मॉनिटर और प्रिंटर) भी हटा दिए गए थे।
घटना के संबंध में थाना ओबरा में हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार देर रात बग्घानाला के पास से छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के ग्राम झारा, थाना सनावल निवासी श्रवण सिंह उर्फ श्रवण गोंड को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त की निशानदेही पर घटना स्थल से लगभग 300 मीटर दूर पक्के नाले और झाड़ियों में छिपाए गए सीसीटीवी के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद कर लिए गए हैं।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पूर्व में गिरिधर सीमेंट्स लिमिटेड में करीब दो वर्षों तक मिस्त्री के पद पर कार्यरत था। नौकरी से निकाले जाने और मृतक द्वारा डांट-फटकार किए जाने के कारण वह रंजिश रखता था। सात फरवरी की रात वह बाउंड्री कूदकर परिसर में घुसा और बरामदे में सो रहे विष्णु हरि उपाध्याय के सिर पर 3-4 बार पत्थर से वार कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने कार्यालय से नकदी और मोबाइल फोन चोरी कर साक्ष्य मिटाने के लिए सीसीटीवी उपकरण छिपा दिए। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित