नोएडा , फरवरी 10 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-58 थाना पुलिस ने मोबाइल फोन स्नैचिंग की घटनाओं में लिप्त एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस ने शातिर स्नैचर रिषभ दयाल उर्फ राहुल को नोएडा सेक्टर-62 रामलीला ग्राउंड, सी-ब्लॉक से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार स्नैचर गैंग के सदस्य से बरामदगी की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार शातिर स्नैचर के कब्जे और निशानदेही से घटना में इस्तेमाल की जाने वाली दो मोटरसाइकिल (स्प्लेंडर प्लस और एफजेड बाइक)स्नैचिंग के ग्यारह मोबाइल फोन और एक अवैध चाकू बरामद किया है।
गिरफ्तार किया गया स्नैचर मोटरसाइकिल पर सवार होकर राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनने की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस द्वारा कड़ी पूछताछ एवं छानबीन में इसके कब्जे से एक आईफोन-16 बरामद किया,जिस आईफोन-16 को उसने दो दिन पहले सेक्टर 62 की टॉटी मॉल रोड से छीना था, जिसके संबंध में थाना सेक्टर 58, में मुकदमा दर्ज है।
अन्य दस मोबाइल फोन सेक्टर 62, सेक्टर 63, सेक्टर 5, सेक्टर 24, और दिल्ली,एनसीआर के विभिन्न इलाकों से छीने गए थे, जिनके संबंध में पुलिस द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है।
स्नैचर गैंग का शातिर सदस्य गिरफ्तार रिषभ दयाल उर्फ राहुल पर पूर्व में भी नोएडा सेक्टर 58, सेक्टर 24, और सेक्टर 20, थाना से मोबाइल स्नैचिंग समेत कई संगीन मामलों में जेल जा चुका है। स्नैचर के खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और आबकारी अधिनियम समेत कुल 26 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
दिल्ली के गाजीपुर मयूर विहार फेस थ्री थाना का निवासी है पकड़ा गया स्नैचर गैंग का शातिर सदस्य रिषभ दयाल उर्फ राहुल से आगे की पूछताछ की जा रही है और बरामद मोबाइल फोनों के असली मालिकों की पहचान कर उन्हें वापस दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही इसके नेटवर्क और अन्य संभावित सहयोगियों की भी जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित